कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने आज पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पोस्टर शेयर किया। इसमें कांग्रेस नेताओं के साथ उनकी भी तस्वीर है। इस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा ने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं, असल में ‘परिवार जोड़ो’ यात्रा है।
रॉबर्ट वाड्रा ने ट्वीट में दो तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर लगा रहे हैं। पोस्टर में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व पीएम राजीव गांधी और वाड्रा की तस्वीर है। पोस्टर में कांग्रेस विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के नेता जेबी अभिजीत का भी फोटो है।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने पोस्टर को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कांग्रेस का भारत जोड़ो वास्तव में केवल परिवार जोड़ो और भ्रष्टाचार जोड़ो है। वहीं, भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “यह काफी मनोरंजक है कि रॉबर्ट वाड्रा यात्रा में शामिल हो रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि क्या वह अब भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने का दावा करेंगे?
इस साल जून में रॉबर्ट वाड्रा ने संकेत दिया था कि वह राजनीति में आने पर विचार कर रहे हैं। उनकी यह प्रतिक्रिया प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नेशनल हेराल्ड घोटाला मामले में सोनिया गांधी से पूछताछ के बाद आई थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘इस देश में बदलाव की जरूरत है। अगर लोगों को लगता है कि मैं देश में जरूरी बदलाव ला सकता हूं, तो मैं राजनीति में आ जाऊंगा।’








