चलती ट्रेन में चढ़ने का जोखिम भारी पड़ सकता है। रायपुर में बीती रात ऐसा ही एक हादसा हुआ। चलती हुई ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला गिर पड़ी। वहां मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान ने किसी तरह खींचकर उसे ट्रेन के नीचे जाने से बचाया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर ऐसे ही एक हादसे में यात्री ट्रेन के नीचे गिर गया। उसका एक हाथ कट गया है।
मंगलवार रात 9.30 बजे हावड़ा से कुर्ला जाने वाली ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म-एक पर पहुंची। करीब 9.40 बजे यह ट्रेन रवाना हुई। उसी दौरान एक महिला अपना बैग लेकर पहुंची। उसने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। वहां मौजूद लोग उसको ऐसा करते देख चिल्लाकर रोकने लगे थे। शोर सुनकर आगे चल रहे RPF के जवान आर.एस. मरावी सतर्क हो गए। उन्होंने खतरा भांप लिया। इसी बीच कंधे पर टंगे बैग के झटके से ट्रेन की सीढ़ियों पर खड़ी महिला का संतुलन बिगड़ गया। वह पीछे की ओर गिरी। मरावी और एक यात्री ने तेजी से झपट्टा मारकर उस महिला को पीछे खींच लिया। इस बीच शोर सुनकर गार्ड ने ट्रेन को रुकवा लिया। महिला को उसके कोच में चढ़ा दिया गया। बताया जा रहा है, महिला नागपुर जा रही थी।
बताया जा रहा है, मंगलवार शाम छह बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-एक पर मुंबई-हावड़ा मेल खड़ी थी। ट्रेन खुलने के बाद बिलासपुर के सरकंडा निवासी प्रकाश मानिकपुरी दौड़ते हुए ट्रेन तक पहुंचा। तब तक ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी। उसने दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार की वजह से हैंडल हाथ से छूट गया। प्रकाश प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच गिर गया।









