मंदिर परिसर में मारपीट का मामला, BJP नेता पर पुजारी के भाई को पीटने का आरोप, CCTV में कैद घटना

दुर्ग जिले के नारथा गांव स्थित मंदिर परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जनपद सभापति चंद्रहाश गिरी गोस्वामी ने मंदिर के पुजारी के भाई की लात-घूंसों और लोहे के पंप से पिटाई कर दी। घटना जामुल थाना क्षेत्र की है और पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

महायज्ञ आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, नारथा गांव स्थित रुक्खड़ नाथ धाम में 16 फरवरी को रुद्र महायज्ञ का आयोजन प्रस्तावित है। आयोजन की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर में दुकानों को पीछे हटाने की बात कही गई थी।

इसी परिसर में मंदिर के मुख्य पुजारी की भी दुकान है। दुकान पीछे हटाने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जो मारपीट तक पहुंच गया।

पुजारी के भाई से की गई मारपीट

आरोप है कि 12 फरवरी की रात चंद्रहाश गिरी गोस्वामी अपने साथियों के साथ पहुंचे और मुख्य पुजारी के छोटे भाई रामगिरी गोस्वामी की जमकर पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी पेट और सिर पर लात मारते तथा हवा भरने वाले लोहे के पंप से हमला करते नजर आ रहे हैं।

चंदा वसूली को लेकर भी विवाद

ग्रामीणों का आरोप है कि महायज्ञ के लिए चंदा भी लिया गया है, जबकि पिछले कई वर्षों से यह आयोजन सामान्य रूप से होता रहा है। मंदिर समिति भी इस आयोजन के पक्ष में नहीं बताई जा रही है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता ने खुद को घायल बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पीड़ित पक्ष ने भी पुलिस को आवेदन दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।