Tuesday, September 29, 2026

महाराष्ट्र के मुख्‍यमंत्री के बेटे आदित्य ठाकरे और मंत्री अनिल परब पर आयकर विभाग का छापा

शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे पर संकट के काले बादल छाए हुए हैं, वहीं उनकी पार्टी के बड़े नेताओं और उनके सहयोगियों के कार्यालय और आवास पर आयकर विभाग ने मंगलवार को छापा मारा। आईटी विभाग ने राज्य के परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता अनिल परब के सीए के दफ्तर पर छापा मारा है। बता दें कि यह छापेमारी मुंबई के बांद्रा एमआइजी इलाके की एक एलीट बिल्डिंग में की गई। इसके अलावा, आयकर विभाग ने आज सुबह अनिल परब के करीबी संजय कदम और आदित्य ठाकरे के करीबी राहुल कनाल के आवासों पर भी छापेमारी की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया गया है कि मुंबई और पुणे में 20 परिसरों की तलाशी चल रही है।

छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार हमला बोला, उन्होंने केंद्र पर महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार पर दबाव बनाने और उसे अस्थिर करने का आरोप लगाया।

शिवसेना नेता संजय ने कहा, ‘केंद्रीय एजेंसियां ​​पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के कुछ चुनिंदा लोगों को क्यों निशाना बना रही हैं, क्या उन्हें दूसरे राज्यों से कोई और नहीं मिलता, यह एमवीए सरकार पर दबाव बनाने और उसे अस्थिर करने की एक रणनीति है।’