महाशिवरात्रि के दिन कोरबा में दर्दनाक हादसा: कनकी मेला देखने आए युवक की नहर में डूबने से मौत

कोरबा। कोरबा में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कनकी मेला उस समय मातम में बदल गया, जब मेला देखने आए एक युवक की नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मड़वारानी के पास ग्राम कचोरा निवासी रोशन कंवर महाशिवरात्रि के अवसर पर कनकी मेला देखने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मेला घूमने के दौरान वह दाएं तट नहर में नहाने चला गया। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से युवक डूब गया।

आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद नहर से युवक का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद मेले में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।