Wednesday, November 4, 2026

महिला की चिता से हड्डियां निकालने का आरोप, मंत्र पढ़कर शराब डाल रहा था अघोरी बाबा; परिजनों ने घसीटकर पीटा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला की जलती चिता से कथित तौर पर हड्डियां निकालकर तंत्र-साधना करने के आरोप में परिजनों और स्थानीय लोगों ने एक अघोरी बाबा की जमकर पिटाई कर दी। बाबा को जमीन पर घसीटकर लात-घूंसों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बाबा को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

1 नवंबर को हुआ था महिला का अंतिम संस्कार

जानकारी के मुताबिक, कोनी निवासी अनिता यादव ने 1 नवंबर को आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। चिता जलाने के बाद परिजन अपने घर लौट गए। बताया जा रहा है कि बाद में जब परिजन श्मशान घाट पहुंचे तो वहां कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।

चिता से सिर और हड्डियां गायब होने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि महिला की चिता से सिर और हड्डियां गायब हैं। इसी दौरान उन्हें शिवराम नाम का बाबा, एक बुजुर्ग और दो युवक वहां मिले। बताया गया कि परिजनों को देखकर दोनों युवक मौके से भाग निकले, जबकि बाबा और बुजुर्ग को पकड़ लिया गया।

परिजनों ने बुजुर्ग से चिता से गायब हड्डियों के बारे में पूछताछ की। वायरल वीडियो में बुजुर्ग कथित तौर पर कहता सुनाई दे रहा है कि बाबा ने हड्डियां निकाली थीं, लेकिन उन्हें कहां रखा गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है।

मंत्र पढ़कर चिता पर डाल रहा था शराब की बूंदें

बुजुर्ग के बयान के मुताबिक, उसे चावल और शराब लेकर आने के लिए कहा गया था। उसका आरोप है कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था। बुजुर्ग ने यह भी कहा कि वह केवल वहां बैठा था और उसे पूरी घटना की जानकारी नहीं है।

वहीं, बाबा शिवराम ने अपनी सफाई में कहा कि वह केवल वहां बैठा था और उसका चिता से छेड़छाड़ की घटना से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, मामले में लगे आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

बाल पकड़कर घसीटा, लात-घूंसों से की पिटाई

घटना के दौरान आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बाबा को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग उसे जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है।

सिम्स में भर्ती, तीन लोगों के खिलाफ शिकायत

मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिवराम को इलाज के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई है। कोनी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस के सामने दो अहम पहलू हैं। पहला, महिला की चिता से कथित तौर पर हड्डियां गायब होने और तंत्र-साधना के आरोपों की जांच तथा दूसरा, बाबा के साथ हुई मारपीट की घटना। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।