Wednesday, April 15, 2026

महिला से छेड़छाड़ के मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष थाने तलब, समर्थकों ने किया थाने का घेराव

महासमुंद। महिला से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम कांत साहू को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। जैसे ही यह खबर फैली, अध्यक्ष के समर्थक बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला ने बलराम कांत साहू पर पैसों की मांग करने, छेड़छाड़ करने और जबरदस्ती करने की कोशिश का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 296, 74, 75(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

थाने के बाहर स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। समर्थक जहां अध्यक्ष के पक्ष में नारे लगा रहे हैं, वहीं शिकायतकर्ता महिला के खिलाफ भी विरोध कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।