सूरजपुर। जिले के विकासखंड ओड़गी के ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के चावल को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मिड-डे मील के चावल को वाहन में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस से की गई है।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मध्याह्न भोजन का करीब दो बोरी चावल कार में लोड कर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि चावल को स्कूल से बाहर ले जाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि सहित गांव के कुछ लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन चालक नहीं रुका और आगे बढ़ गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन का पीछा कर उसे गांव के भीतर ही रोक लिया। इस घटना के बाद गांव में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और पुलिस से की है तथा मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से शिकायत के आधार पर जांच की बात कही जा रही है।






