Saturday, August 1, 2026

मुस्लिम महिला की पीठ पर सपा का पोस्टर चिपकाया:बाद में कहा-ये तो मजाक था; अनुराग ठाकुर ने शेयर किया VIDEO, लिखा- लाल टोपी के काले कारनामे

कर्नाटक में चल रहे हिजाब पर बवाल का असर यूपी विधानसभा चुनाव पर भी पड़ने लगा है। बुधवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें एक सपा कार्यकर्ता मुस्लिम महिला की पीठ पर अपनी पार्टी का पोस्टर चिपकाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह महिला को चिकोटी भी काटता है। ये वीडियो पुराने लखनऊ का बताया जा रहा है।

पश्चिमी यूपी में मतदान से ठीक एक दिन पहले अनुराग ठाकुर ने इस वीडियो के सहारे सपा को लॉ एंड आर्डर पर घेरा है। उन्होंने लिखा कि यही है लाल टोपी के काले कारनामे, एक राह चलती महिला के साथ सपा नेता की बदसलूकी देखिए। जहां भरे हों ऐसे मनचले, यूपी क्यों उनके साथ चले।

वीडियो में दिखने वाले महिला-पुरुष ने दी सफाई
पहले तो सपा ने वीडियो के फर्जी होने का दावा किया। फिर वीडियो में दिखाई देने वाले महिला-पुरुष ने खुद सोशल मीडिया पर आकर सफाई दी। दोनों ने कहा कि हम तो भाई बहन जैसे हैे। इस मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। हम साथ में जनसंपर्क कर रहे हैं। हमारे हंसी-मजाक को चुनावी मुद्दा बनाया जा रहा है। कुछ गंदी मानसिकता के लोग वीडियो वायरल कर रहे हैं। हम भाई-बहन आपस में हंसी मजाक करते रहते हैं।”

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज काका ने कहा कि ये वीडियो अनुराग ठाकुर और उनके आईटी सेल ने क्रिएट किया है। ये लोगों की निजता का हनन कर रहे हैं। ये वीडियो लखनऊ का है या उत्तर प्रदेश का। कह नहीं सकते, क्योंकि अब भाजपा के पास कुछ बचा नहीं है। इसलिए ऐसे वीडियो वायरल करके लोगों को गुमराह किया जा रहा है। ऐसा इसलिए भी किया जा रहा है, क्योंकि भाजपा ने केंद्र और राज्य की सत्ता में रहते हुए कोई काम नहीं किया। अब लोगों को बताने के लिए कुछ नहीं है। इसलिए अफवाहें फैला रहे हैं।