मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, झूठी निकली; CM भगवंत मान की सुरक्षा बढ़ाई गई

मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इलाज के लिए भर्ती फोर्टिस अस्पताल मोहाली को सोमवार दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई। हालांकि तय समय पर कोई विस्फोट नहीं हुआ और धमकी फर्जी साबित हुई। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे परिसर को घेरकर जांच की जा रही है।

धमकी भरे मेल में क्या कहा गया

धमकी भरे ईमेल में कथित रूप से खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम का इस्तेमाल किया गया। मेल में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को “भाई दिलावर सिंह के वारिसों” द्वारा पोलोनियम से संक्रमित किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि वे बच गए तो उनका भी वही हाल किया जाएगा जैसा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हुआ था।

मेल में यह भी कहा गया कि फोर्टिस अस्पताल से मुख्यमंत्री का शव ही बाहर निकलेगा। उल्लेखनीय है कि बेअंत सिंह की हत्या चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम हमले में हुई थी।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

हालांकि धमकी के मुताबिक कोई विस्फोट नहीं हुआ, लेकिन एहतियात के तौर पर पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जांच जारी

धमकी भरे ईमेल की उत्पत्ति और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए साइबर और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।