Tuesday, September 29, 2026

यूक्रेन से लौटे दो भाई बोले- फंस गए हैं भारतीय:वापस आना चाहते हैं छात्र लेकिन फ्लाइट नहीं, सांसद विवेक तन्खा ने भी उड्‌डयन और विदेश मंत्री को लिखा पत्र

यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के स्टूडेंट वतन वापस आने के लिए बेताब हैं। लेकिन, युद्ध और तनाव के माहौल को देखते हुए फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। ऐसे में उन्हें फ्लाइट की टिकटें नहीं मिल पा रही हैं। गुरुवार को यूक्रेन से भारत आए बिलासपुर के छात्र सलील राय ने बातचीत की। इधर, राज्य सभा सदस्य विवेक तन्खा ने यूक्रेन के हालात देखते हुए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के स्टूडेंट को वापस लाने के लिए केंद्रीय उड्‌डयन और विदेश मंत्री को पत्र लिखा है। वहां छत्तीसगढ़ के करीब 50 छात्र विभिन्न यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं।

मरवाही में रहने वाले छात्र सलील राय और भाई शुभ्रांश राय यूक्रेन के कीव में बोगोमोलेट नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं। सलील ने दैनिक भास्कर को बताया कि भारतीय दूतावास के एडवायजरी जारी करने के पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा था कि रूस हमला करना चाहता है। ऐसी स्थिति में हम पीछे हटने वाले नहीं है और युद्ध के लिए तैयार हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध के हालात को देखते हुए दूतावास ने इंडियन स्टूडेंट्स को वतन लौटने की सलाह दी है। इसके बाद से यूक्रेन में पढ़ने वाले छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट वापस आने के लिए तैयार हैं। लेकिन, उन्हें फ्लाइट की दिक्कतें हो रही है। हालत यह है कि फ्लाइट टिकट की कीमत एकदम से बढ़ा दी गई है। ऐसे में मजबूरी में स्टूडेंट लौट नहीं पा रहे हैं और यूक्रेन में फंसे हैं।