Saturday, June 27, 2026

यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह पर ब्लैकमेलिंग का दूसरा केस दर्ज, महिला ने लगाए उगाही के आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में पहले से जेल में बंद यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक महिला की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज की है।

शिकायतकर्ता नेहा मिश्रा, जो पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कर रही हैं, ने आरोप लगाया है कि दोनों यूट्यूबर्स आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके कार्यालय पहुंचे और बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

महिला का आरोप है कि वीडियो हटाने के बदले पहले 50 हजार रुपये की मांग की गई। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद वीडियो हटा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर फिर 2 लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर दोबारा वीडियो जारी कर बदनाम करने की धमकी दी।

महिला की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपी फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।