Tuesday, April 21, 2026

रायपुर नगर निगम में बड़ा घोटाला: 100 एकड़ जमीन की फाइल गायब, 4 अधिकारी सस्पेंड

जोन 10 अमलीडीह ऑफिस से करीब 100 एकड़ जमीन से जुड़ी फाइल गायब।रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन-10 अमलीडीह कार्यालय से करीब 100 एकड़ जमीन से जुड़ी अहम फाइल गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने 4 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि सड़क संरचना से जुड़ा प्रस्ताव बिना किसी वैध अनुमति के भेजा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, जोन आयुक्त ने 17 नवंबर 2025 को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय को प्रस्ताव भेज दिया, जो नियमों का उल्लंघन है। ऐसे प्रस्ताव भेजने का अधिकार केवल आयुक्त स्तर पर होता है।

समिति द्वारा 13 अप्रैल 2026 को किए गए निरीक्षण में पाया गया कि प्रस्तावित नक्शे और वास्तविक जमीन की स्थिति में भारी अंतर है। कई मकान नक्शे में दर्शाए ही नहीं गए, जबकि सड़कों की चौड़ाई और प्लॉट के आकार भी गलत बताए गए।

पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने इसे नगर निगम के इतिहास की सबसे बड़ी लापरवाही बताते हुए 100 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा से कराने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।