राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात एक आर्मी जवान ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित होटल में कीटनाशक पी लिया। उसे CIMS में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जवान अपनी पत्नी से मिलने आया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ तो होटल में जाकर खुदकुशी का प्रयास किया। इससे पहले उसने एक कार में आग लगा दी थी। जिसके बाद पुलिस जवान को ढूंढते हुए होटल पहुंची तो घटना का पता चला। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सिरसा निवासी स्वर्ण सिंह (30) दिल्ली के 6th रेजीमेंट में आर्मी का जवान है। इस समय उसकी तैनाती राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में लगी है। बताया जा रहा है कि 5-6 साल पहले उसने जूना बिलासपुर की रहने वाली झरना गढ़ेवाल से लव मैरिज की थी। इसके बाद उसे 27 खोली मोहल्ले में किराये का मकान दिला दिया। बुधवार को स्वर्ण सिंह बिलासपुर आया तो उसका दोपहर में पत्नी झरना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।












