
रायपुर : कीमत घटने के बाद अचानक सरिया की मांग बढ़ गई थी। लेकिन उत्पादन में कमी यानी किल्लत के चलते लोहा बाजार फिर गरम हो गया है। हफ्तेभर में ही सरिया की कीमतों में तीन हजार रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हो गई है। रिटेल बाजार में सरिया की कीमतें एक बार फिर से 65 हजार रुपये प्रति टन तक पहुंच गई हैं। हालांकि फैक्ट्रियों में सरिया 62 हजार रुपये प्रति टन बिक रहा है। इससे पहले जून के पहले हफ्ते में सरिया की कीमतें 60 से 61 हजार रुपये प्रति पहुंच गई थी और इसकी कीमतें 55 हजार रुपये प्रति टन पर आने की बात की जा रही थी।
राजधानी में दस दिन पहले बाजार में कमजोर मांग के चलते सरिया की कीमतों में उतार आ गया था। अब बढ़ोतरी देखी जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले दिनों कीमतें घटने के बाद बाजार में सरिया की मांग में अचानक बढ़ोतरी होने लगी थी। मांग में आई इस बढ़ोतरी की तुलना में उत्पादन काफी कम है, क्योंकि प्लांटों द्वारा इन दिनों अपने उत्पादन में 30 प्रतिशत तक की कमी कर दी है। इसका असर ही इन दिनों बाजार में दिखने लगा है। कारोबारी सूत्रों का कहना है कि लोहा बाजार में इन दिनों अघोषित रूप से किल्लत की स्थिति पैदा हो गई है। छत्तीसगढ़ री रोलिंग मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि प्लांटों का उत्पादन 30 प्रतिशत कम हो गया है। इसका चलते ही स्टाक प्रभावित हुआ है।











