बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार रात उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दुकान बंद करने के दौरान अज्ञात आरोपी ने कार से कैश से भरा बैग पार कर दिया। बैग में करीब 8 लाख रुपए नकद बताए जा रहे हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास स्थित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद कर रहे थे। उन्होंने दुकान के गल्ले से नगदी निकालकर अपनी कार में रख दी थी और शटर बंद करने लगे। इसी दौरान मौके की ताक में खड़ा एक अज्ञात युवक कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखा कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 8 लाख रुपए नकद थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले की सूचना पर एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
घटना के बाद शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






