Thursday, April 16, 2026

संपत्ति होगी कुर्क:15 दिन में बकाया जमा नहीं करने वालों के नाम होंगे सार्वजनिक, संपत्ति होगी कुर्क

निगम क्षेत्र में रहने वाले वे लोग जो संपत्ति कर, समेकित कर, जल कर, भवन दुकान का किराया व अन्य कर समय पर नहीं जमा कर रहे हैं, ऐसे लोगों की एक सूची निगम ने तैयार कर ली है। बकायादारों की इस सूची में उन्हें चिन्हित किया है, जिनका बकाया बढ़कर एक लाख रुपए या उससे अधिक हो गया है। ऐसे बकायादारों को 15 दिन में कर की राशि जमा करने कहा है।

अन्यथा उनके नाम सार्वजनिक करने के साथ ही उनकी सपंत्ति कुर्क कर बकाया राशि की भरपाई की जाएगी। यह निर्देश बुधवार को नगर निगम के आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय ने दिए। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए बकायादारों की सूची तैयार करने के निर्देश निगम के राजस्व अधिकारियों को दिए थे। बकायादारों को नोटिस की तामीली कराई जा रही है।

बकायादारों से कहा है कि वे नोटिस प्राप्त होने के 15 दिवस के अंदर संपूर्ण बकाया राशि निगम कोष में जमा कराएं, अन्यथा कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे, जिसकी पूरी जवाबदारी संबंधित बकायादारों की होगी।