Sunday, March 8, 2026

सड़क पर दो गुटों में जमकर मारपीट, पत्थरबाजी का वीडियो वायरल

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर सड़क पर मारपीट की घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम के सामने दो गुटों के युवकों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान युवकों के बीच लात-घूंसे चले और एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम के सामने की बताई जा रही है। यहां किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद सड़क पर ही दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने एक-दूसरे पर थप्पड़, लात और घूंसे बरसाए। कुछ युवक पत्थर उठाकर भी एक-दूसरे पर फेंकते नजर आए। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग घबरा गए और दूर हट गए। सड़क पर हुए इस हंगामे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई युवक सड़क के बीचों-बीच एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग घटना को देखते दिखाई दे रहे हैं।

शहर में लगातार सामने आ रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।