Saturday, November 21, 2026

सिम्स अस्पताल के सामने युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, समझाने पहुंचे TI से की धक्का-मुक्की; VIDEO वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। सिम्स अस्पताल के सामने गुरुवार रात एक युवक ने जमकर हंगामा किया। राहगीरों को परेशान करने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) जब युवक को समझाने लगे, तो वह पुलिस अधिकारी से ही भिड़ गया। युवक ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

समझाइश देने पहुंचे TI से भिड़ा युवक

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात सिम्स अस्पताल के सामने एक युवक कथित तौर पर नशे की हालत में राहगीरों को परेशान कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक ने सहयोग करने के बजाय पुलिस अधिकारी से ही बहस शुरू कर दी।

गाली-गलौज के बाद धक्का-मुक्की की कोशिश

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवक थाना प्रभारी के साथ बदसलूकी और अपशब्दों का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वह धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई की कोशिश भी करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

पुलिस थाना प्रभारी के साथ हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल युवक की पहचान और उसके खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।