जांजगीर-चांपा, 9 मई 2026। जिले के बलौदा नगर स्थित पीएमश्री शासकीय कन्या प्राथमिक शाला इन दिनों गंभीर विवादों के चलते सुर्खियों में है। स्कूल की प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज पर धर्मांतरण के प्रयास, बच्चों को हिन्दू संस्कृति के खिलाफ भड़काने और स्कूल फंड में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है, वहीं पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल की प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान “जन गण मन” के बजाय “गॉड इज ग्रेट” जैसे धार्मिक वाक्य सिखाए जा रहे थे, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। अभिभावकों ने सवाल उठाया कि सरकारी स्कूल में बच्चों को किस तरह की शिक्षा दी जा रही है।
ग्रामीणों का यह भी दावा है कि बच्चों को हिन्दू देवी-देवताओं और परंपराओं के खिलाफ बातें बताकर उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित करने और धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस मुद्दे को लेकर गांव में लंबे समय से विरोध का माहौल बना हुआ था और कई बार शिक्षा विभाग में शिकायत भी की गई थी, लेकिन आरोप है कि शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब 7 मई को ग्राम भिलाई में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों और हिन्दू संगठनों ने खुलकर इस मुद्दे को उठाया। इसके बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपों को प्रथम दृष्टया गंभीर पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।








