बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से गर्भवती महिला का सड़क किनारे सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला अपने पति के साथ सोनोग्राफी और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए धमतरी जा रही थी। इसी दौरान फागुनदहा चौक के पास अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम ने स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया, जिनकी मदद से महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
धमतरी जाते समय अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा
जानकारी के अनुसार, गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ नियमित जांच और सोनोग्राफी कराने धमतरी जा रही थीं। रास्ते में फागुनदहा चौक के पास उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को देखते हुए महिला सड़क किनारे बैठ गईं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम
राहगीरों ने घटना की सूचना हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मनोज मेश्राम, आरक्षक थमेंद्र देवांगन और वाहन चालक हीरेन्द्र साहू मौके पर पहुंचे। महिला की स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल पुरुर शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों को अपने वाहन से घटनास्थल तक पहुंचाया।
स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से सड़क किनारे हुआ प्रसव
मौके पर पहुंचीं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) माधवी धुरु, स्टाफ नर्स भारती साहू और वार्ड आया यशोमति साहू ने प्रसव कराने में अहम भूमिका निभाई। स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से महिला ने सड़क किनारे एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। नवजात का वजन 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है।
पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता की सराहना
समय पर सूचना मिलने और पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई से स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंच सके। इस समन्वय से प्रसव के दौरान महिला को तत्काल सहायता मिली। जच्चा और नवजात दोनों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।




