Friday, July 3, 2026

हाथी ने ग्रामीण को कुचला, मौत:कटघोरा वन मंडल में 24 हाथियों के दल ने जमाया डेरा, फसलें भी रौंदी, घरों को भी तोड़ा

कोरबा के कटघोरा वन मंडल में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक का नाम रघुवीर है, जो जंगल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसका सामना हाथियों के दल से हो गया। रघुवीर जब तक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज के ग्राम खमरिया की है।

पसान फॉरेस्ट रेंज में पिछले कुछ दिनों से 24 हाथियों का दल डेरा जमाए हुए है। हाथियों ने फसलों को भी रौंद दिया है। जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के कारण उनका जीना मुश्किल हो गया है, लेकिन वन विभाग कुछ नहीं कर पा रहा है। हाथियों ने कई घरों को भी तोड़ दिया है। उनकी मांग है कि हाथियों को इस इलाके से दूर खदेड़ा जाए, ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें।