Wednesday, August 19, 2026

CG का आंध्र-तेलंगाना से संपर्क टूटा:50 फीट से ऊपर पहुंचा वॉटर लेवल; अरपा नदी में बहे 2 युवक,कई गांव बने टापू

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ जहां शिवनाथ नदी उफान पर है तो वहीं गोदावरी और शबरी नदी का भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 9 दिनों से कोंटा के रास्ते छत्तीसगढ़ का आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से संपर्क टूटा हुआ है। कई ट्रकों समेत वाहनें फंसी हुई हैं। इधर, कोरबा में उफनती नदी में 50 साल का अधेड़ बह गया है। पिछले कई घंटों से ढूंढने रेस्क्यू जारी है। साथ ही बीजापुर जिले के कई गांव टापू के रूप में तब्दील हो गए हैं। रात में 60 से ज्यादा ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सेफ जोन में पहुंचाया गया है।

दरअसल, बारिश की वजह से गोदावरी का वाटर लेवल 50 फीट से ऊपर पहुंच गया है। बॉर्डर इलाके के वीरापुरम के पास NH-30 पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। पिछले 9 दिनों से मार्ग बंद है, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। ट्रक चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की दोपहर तक गोदावरी 51.50 फीट और शबरी नदी 21.530 मीटर पर थी। ओडिशा के हीराकुंड बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे गोदावरी और शबरी में जल स्तर बढ़ने लगा है।

कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र के जेन्जरा में बिझकुट नाले के तेज बहाव में एक 50 साल का अधेड़ भजन सिंह मझवार बह गया है। बताया जा रहा है कि, भजन सिंह अपने दोस्तों के साथ नदी-नाले की तरफ गया हुआ था। इसी बीच शौच करने वह दूसरी तरफ के हिस्से में चला गया। शौच करने के बाद पानी में उतरा जिससे उसका पैर फिसल गया। फिर पानी के तेज बहाव के साथ बह गया। पिछले करीब 26 घंटे से जिला आपदा प्रबंधन की 8 सदस्यीय टीम भजन सिंह को ढूंढने में लगी हुई है। लेकिन, अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।