Thursday, March 12, 2026

छत्तीसगढ़ में खटाखट छप रही थीं 100, 200 और 500 की नोट

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ की बलौदाबाजार पुलिस ने जिले में नकली नोट छापकर उसे खपाने वाले दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इन जालसाजों के पास से पुलिस ने 2 लाख 32 हजार 400 रुपये के नकली नोट सहित नोट छापने वाले उपकरणों को भी जब्त किया है। दोनों जालसाज राजधानी रायपुर में भाठागांव के विनायक नगर स्थित एक घर को किराए पर लेकर नोट छापते थे।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नकली नोट छापने वाले इन दोनों युवकों का नाम भुवन साहू और तुषार साहू है, जो कि जिले के लवन नगर पंचायत के निवासी हैं। मुखबिर से इस बात की सूचना मिली कि ये दोनों अपने एक साथी के साथ बीते कुछ दिनों से लवन की दुकानों में सामान खरीदने के बहाने नकली नोट खपा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने भुवन और तुषार को हिरासत में लेकर थाने ले आई और नकली नोट खपाने को लेकर पूछताछ की, इस दौरान दोनों ने राजधानी में नकली नोट छापने और फिर उसे दुकानों में सामान खरीदने के बहाने खपाने की बात कबूल कर ली।