गरियाबंद जिले में गांव की महिलाओं को झांसा देकर करीब 1 करोड़ की ठगी की गई। माइक्रो फाइनेंस के दलाल और उसकी पत्नी ने करीब 100 महिलाओं के नाम पर लोन लिया और फिर फरार हो गया। जब बैंक ने महिलाओं से लोन चुकाने को कहा तब इसका खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, जिले के उरमाल गांव के ही दलाल और उसकी पत्नी ने महिलाओं से दस्तावेज लिए। इसके लिए आकर्षक बीमा राशि मिलने का झांसा दिया गया। इसके बाद अलग-अलग महिलाओं के दस्तावेजों से लोन की राशि निकाल ली। बताया जा रहा है कि, उसने एक नहीं बल्कि 4 बैंक से लोन निकाला है।

मोहल्ले के ही पति-पत्नी ने बनाया कर्जदार
ग्रामीणों के मुताबिक, दलाल ने लोन की कुछ किस्त चुकाई भी थी। इसके बाद जब वह परिवार के साथ फरार हो गया तो बैंक के एजेंट वसूली के लिए महिलाओं के पास पहुंचे। इससे परेशान होकर सैकड़ों महिलाएं थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
गरियाबंद के उरमाल गांव के वार्ड 3 और 4 में रहने वाली जानकी बाई, सकुंतला, हिरादी, गजुला, हराबती, दुशिला समेत अन्य महिलाएं देवभोग थाना पहुंची। उन्होंने मोहल्ले के ही किशन देवांगन और उसकी पत्नी गोदावरी पर 1 करोड़ से ज्यादा का कर्जदार बनाने का आरोप लगाया है।









