Wednesday, July 1, 2026

दर्री बराज मार्ग में स्थानीय लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन

जिले में जर्जर और अति जर्जर होते जा रहे उपनगरीय/ग्रामीण/आंतरिक क्षेत्रों के सड़कों की मरम्मत/ जीर्णोद्धार/ नया निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों के सब्र का बांध फूटने तो लगा है लेकिन खुलकर जता नहीं पा रहे हैं। गाहे-बगाहे छोटे-छोटे और ध्यान आकर्षण करने वाले प्रदर्शन के जरिए भले ही अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की कवायद जरूर कर रहे हैं।

इसी कड़ी में दर्री बराज मार्ग में स्थानीय लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। युवतियों और युवकों के द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में नारेबाजी के साथ पूछा जाता रहा कि कलेक्टर मैडम, यह सड़क कब बनेगी? महापौर से गुहार लगा रहे हैं कि महापौर जी सड़क बनवा दो..।

जिले के प्रारंभ से लेकर अंतिम सीमा तक लोग सड़क की मार झेल रहे हैं। बारिश में सड़कों पर अनगिनत गड्ढे, गड्ढों में भरा पानी, कहीं-कहीं तो छोटी-छोटी डाबरियाँ और इनमें हिचकोले खाते बड़े वाहन और दाएं- बाएं से बचकर निकलने की कोशिश करते दुपहिया चालक और पैदल राहगीरों के गुजरने का नजारा आम है।