Wednesday, October 14, 2026

भानुप्रतापुर उप चुनाव से 14 दावेदारों ने नाम वापस लिया:कांग्रेस की सावित्री मंडावी-भाजपा के ब्रह्मानंद सहित सात उम्मीदवार मैदान में, पांच दिसम्बर को मतदान

भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव का मैदान साफ हो चुका है। नाम वापसी के अंतिम दिन 14 लोगों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद कांग्रेस की सावित्री मंडावी और भाजपा के ब्रह्मानंद नेताम सहित कुल सात उम्मीदवार मैदान में रह गये हैं। इस उपचुनाव के लिए पांच दिसम्बर को मतदान होना है। आठ दिसम्बर को मतगणना के बाद नये विधायक का नाम सामने आ जाएगा।

निर्वाचन कार्यालय से बताया गया, उप चुनाव के लिए कुल 39 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। स्क्रूटनी के बाद 18 लोगों का नामांकन रद्द हुआ। 18 नवम्बर को 21 नामांकन को वैध घोषित करते हुए सूची जारी हुई थी। सोमवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। उस दिन 14 निर्दलीय दावेदारों ने अपना नाम वापस ले लिया। इनमें अर्जुन सिंह, अयुनाराम ध्रुव, गौतम कुंजम, जीवन राम ठाकुर, दुर्योधन दर्रो, देवप्रसाद जुर्री, नागेश कुमार महला, प्रमेश कुमार टेकाम, बलराम तेता, महात्मा कुमार दुग्गा, रेवतीरमन गोटा, रोहित कुमार नेताम, लक्ष्मीकांत गावड़े और सेवालाल चिराम का नाम शामिल है। अब चुनाव मैदान में सात उम्मीदवार बच गये हैं। उनमें कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी, भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के घनश्याम जुर्री, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के शिवलाल पुडो, राष्ट्रीय जनसंघ पार्टी के हीरा नेताम, निर्दलीय अकबर कोर्राम और दिनेश कुमार कल्लो शामिल हैं।