Thursday, August 6, 2026

2022 में कश्मीर में 172 टेरेरिस्ट मारे गए:आतंकियों ने 29 लोगों की हत्या की, इनमें 3 कश्मीरी पंडित; 26 सुरक्षाकर्मी भी शहीद

श्रीनगर. कश्मीर में आतंकियों के साथ साल 2022 में सुरक्षाबलों की 93 मुठभेड़ हुई, जिनमें 172 आतंकी मारे गए। इनमें 42 विदेशी थे। वहीं, आतंकवादियों ने इस साल 29 नागरिकों की हत्या कर दी, जिनमें से 3 कश्मीरी पंडितों सहित 6 हिंदू थे। कश्मीर के ADGP विजय कुमार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकियों में सबसे ज्यादा 108 आतंकी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और इसी से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट के थे। वहीं, जैश-ए-मोहम्मद के 35, हिजबुल-मुजाहिदीन के 22, अल-बद्र के 4 और अंसार गजवत उल-हिंद के 3 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने ढेर किया।

सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी नहीं हुई
ADGP ने बताया कि कश्मीर में इस साल कोई हड़ताल नहीं हुई। न ही हिंसा हुई। खासतौर पर सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी की कोई घटना सामने नहीं आई। 2022 में कश्मीर में इंटरनेट बंद नहीं हुआ और न ही किसी आतंकवादी का अंतिम संस्कार से जुड़ा कोई मामला सामने आया है।

घाटी में अब हिजबुल मुजाहिदीन के चीफ फारूक नल्ली और लश्कर कमांडर रियाज सेत्री को छोड़कर आतंकी संगठनों के सभी प्रमुख और शीर्ष कमांडर मार दिए गए हैं।