Friday, November 13, 2026

19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी होगा ट्रैंकुलाइज, रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी; 12 स्कूलों में छुट्टी

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में दहशत का पर्याय बन चुके कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पिछले 6 महीने में 19 लोगों की जान ले चुके इस आक्रामक हाथी को अब ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर पकड़ने की तैयारी है। इसके लिए रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को उदयपुर बुलाया गया है। वहीं, बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है।

कबरा हाथी फिलहाल उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद है। उसकी गतिविधियों पर ड्रोन के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है। हाथी के हमले की आशंका को देखते हुए सायर, कुदर, बसवार समेत आसपास के गांवों के करीब एक दर्जन स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल और हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

6 महीने में 19 लोगों की ले चुका है जान, दो महिलाओं पर किया हमला

कबरा हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात हाथी प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर और श्यामपुर पहुंचा था। यहां उसने 45 वर्षीय दिलासो को कुचलकर मार डाला।

इसके बाद गुरुवार को हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी गांव पहुंचा। यहां घर से बाहर निकली 70 वर्षीय अंतीबाई को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी गांव में हाथी ने एक अन्य महिला पर भी हमला कर दिया, जो गंभीर रूप से घायल है।

लगातार हो रहे हमलों से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को हाथी की गतिविधियों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

कबरा हाथी को काबू करने पहुंचे दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी

कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने के लिए वन विभाग ने विशेष टीम तैनात की है। रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को उदयपुर लाया गया है। इनके साथ वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी बिलासपुर से पहुंची है।

विशेषज्ञों और वन विभाग के अधिकारियों की टीम दोनों कुमकी हाथियों के साथ सायर जंगल के लिए रवाना हुई है। योजना के तहत कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से बेहोश कर पकड़ने के बाद रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

ड्रोन से निगरानी, जंगल की घेराबंदी; 12 स्कूलों में छुट्टी

कबरा हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सायर जंगल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। ड्रोन के माध्यम से हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही हाथी के संभावित मूवमेंट वाले क्षेत्रों की घेराबंदी की गई है।

एहतियात के तौर पर सायर, कुदर, बसवार समेत आसपास के गांवों के करीब 12 स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी कर दी गई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।

आक्रामक व्यवहार के कारण रेडियो कॉलर लगाने का फैसला बदला

कबरा हाथी को लेकर वन विभाग ने पहले रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दी थी, लेकिन उसके लगातार आक्रामक हमलों को देखते हुए रणनीति बदल दी गई है। अब उसे पकड़कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई है।

सीसीएफ वाइल्ड लाइफ सरगुजा डॉ. प्रणव मिश्रा के मुताबिक, हाथी के व्यवहार में सुधार आने के बाद उसे नजदीकी जंगल में छोड़ा जाएगा। रेडियो कॉलर लगाने से भविष्य में उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिलेगी।

क्या होता है रेडियो कॉलर?

रेडियो कॉलर एक ट्रैकिंग डिवाइस है, जिसे विशेष पट्टे की मदद से हाथी के गले में पहनाया जाता है। इस डिवाइस के जरिए वन विभाग को हाथी की लोकेशन की जानकारी मिलती रहती है। इससे हाथी की आवाजाही वाले गांवों को पहले से अलर्ट किया जा सकता है और संभावित खतरे को कम करने में मदद मिलती है।

सरगुजा क्षेत्र में इससे पहले भी आधा दर्जन खतरनाक हाथियों को रेडियो कॉलर लगाए जा चुके हैं। हालांकि, यह प्रयोग ज्यादा सफल नहीं रहा। कुछ दिनों बाद हाथियों के रेडियो कॉलर गिर गए या हाथियों ने खुद निकाल दिए थे।