Saturday, August 1, 2026

2 इनामी महिला माओवादी ढेर : पुलिस ने ध्वस्त किया कैंप, भारी मात्रा में बम-नक्सल सामग्री बरामद

दंतेवाड़ा. अरनपुर थाना क्षेत्र के नहाडी और छोटे हिड़मा के जंगलों में हुई मुठभेड़ में दो हार्डकोर महिला माओवादी मारी गई है. इनमें एक मलंगेर एरिया कमेटी की सदस्य लकखे है, जिस पर पांच लाख का इनाम था. वहीं दूसरी मारी गई महिला माओवादी पर दो लाख का इनाम घोषित है. सर्च के दौरान इंसास और 12 बोर की बंदूक भी बरामद किया गया है.पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे हिड़मा के जंगलों में माओवादी नेता कैंप को संचालित कर रहे हैं. साथ ही नए लाल लड़ाकों को यहां ट्रनिंग दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने तत्काल दो टीमों का गठन किया. डीआरजी और महिला बस्तर फाईटर टीम को रात में ही रवाना किया गया. इनको बैकअप देने के लिए अरनपुर कैंप से भी जवानों को रवाना किया. पूरी रात जंगल में सर्च ऑपरेशन चला. पुलिस टीम जैसे ही माओवादी कैंप के पास पहुंची, इस बात की भनक माओवादियों को लग गई. माओवादियों ने भी मोर्चा संभाल लिया. अपने बड़े नक्सली नेताओं को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.फोर्स ने भी माओवादी कैंप को घेरा था. दोनों ओर से करीब एक घंटे तक फायरिंग चली. इस मुठभेड़ में दो महिला माओवादी मारी गई, लेकिन वहीं दरभा डिवीजन का थिंक टैंक माने जाने वाला चैतू और टेक्रिकल टीम का इंचार्ज जगदीश के साथ देवा और प्लाटून नंबर 30 का कमांडर जयलाल भागने में कामयाब हो गए. ये सभी दरभा डिवीजन के मौजूदा वक्त में रीढ़ हैं. हालांकि पुलिस ने कैंप को ध्वस्त कर दिया है और नक्सल समाग्री को भी जब्त किया है.