Wednesday, September 23, 2026

24 घंटे से ज्यादा हुए मासूम का पता नहीं:मां-बाप के साथ सो रहे 2 साल के बच्चे की हुई थी चोरी, CCTV में बाइक से ले जाते दिखे युवक

रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके से गायब हुए बच्चे का अब तक कोई अता-पता नहीं है। रायपुर के सिविल लाइन थाने की पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। 24 घंटे से भी अधिक का वक्त बीत जाने के बावजूद बच्चा कहां है किसी को नहीं पता। कुछ सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को चुराने वाले लोगों के सुराग भी पुलिस के हाथ लगे, मगर अब तक पुलिस बच्चे को ढूंढ नहीं पाई है।

मामला मंगलवार की देर रात का है । बूढ़ी माई मंदिर के पास झोपड़ी के बाहर अपनी मां के साथ सो रहे सुभाष को दो बाइक सवार अपने साथ उठा ले गए। मां को नींद की वजह से भनक तक नहीं लगी कि उसका बच्चा चोरी हो गया है। रात के करीब 2 बजे बड़ी सफाई से बाइक में सवार होकर आए दो युवकों ने सुभाष को गोद में उठाया और फौरन वहां से भाग गए । एक सीसीटीवी फुटेज में इन बदमाशों की हरकत कैद हो गई, अब तक इन्हें पुलिस नहीं पकड़ पाई है।

 

मां का रो-रोकर बुरा हाल

2 साल के सुभाष के पिता बजरंग सोनवानी मजदूरी का काम करते हैं। पत्नी के साथ बूढ़ी माई मंदिर के पास एक झोपड़ी में रहते हैं। अब बजरंग की पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है वह लगातार आस पड़ोस के इलाके में भी अपने बच्चे को ढूंढ आई मगर बच्चा कहीं नहीं मिला। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि उनका बच्चा जल्द लौटा दें, पुलिस बजरंग की किसी से रंजिश और रुपयों के लेन-देन से जुड़े विवाद के बारे में पूछताछ कर रही है।

 

7 महीने पहले गुम हुआ मुस्तफा आज तक नहीं मिला

7 महीने पहले रायपुर शहर के चौरसिया कॉलोनी से ढाई साल का बच्चा मुस्तफा लापता हुआ जो आज तक नहीं मिला। वो घर से बाहर चला गया। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। पूरा मोहल्ला बच्चे की तलाश में जुटा हुआ था। बच्चे के रिश्तेदार शादाब ने बताया कि अब तक बच्चा नहीं मिला। टिकरापारा थाने में शिकायत की गई थी, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। अब परिजनों ने भी बच्चे के मिलने की आस छोड़ दी है।