Tuesday, May 5, 2026

300 CCTV कैमरे खंगाल कर बदमाश तक पहुंची पुलिस:पलक झपकते ही पैसे लेकर हुआ था फरार; CG से ओडिशा तक तलाश, फिर पकड़ में आया आरोपी

कोंडागांव जिले में सरेआम उठाईगिरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। इसके लिए पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरे की तलाश की। कोंडागांव से लेकर ओडिशा तक जांच की गई। फिर आरोपी पकड़ में आया है। आरोपी पलक झपकते ही पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया था। युवती चिल्लाते ही रह गई थी। इसके बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। मामला कोंडागांव थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, चिलपुटी निवासी राधिका कोर्राम(29) सोनसाय नेताम के साथ 29 दिसंबर को शहर के एक बैंक में पैसे निकालने आई थी। उस दौरान सोनसाय ने पैसे भी निकल लिए और बाहर आकर 50 हजार रुपए राधिका को दिया। इस पर राधिका ने उसे अपने फोन के साथ पर्स में रख लिया था। इसके बाद राधिका ने उस पर्स को बाइक की सीट में रख दिया और खड़ी हो गई। इतने में एक बाइक सवार बदमाश आया और पैसों से भरा बैग, फोन लेकर भाग निकला। यह सब कुछ दोपहर के वक्त हुआ। युवती मदद के लिए चिल्लाती रह गई। मगर तब तक आरोपी भाग निकला था।

घटना के बाद राधिका ने तुरंत ही इस बात की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शूुरू की। तब पुलिस को ये इंपुट मिले कि एक बाइक सवार काफी तेज से गाड़ी चलाते हुए ओडिशा की तरफ भागा है। इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू किया। पुलिस ने सबसे पहले शहर से लेकर ओडिशा सीमा तक के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फिर भी आरोपी का कुछ पता नहीं चला। मगर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की ही तलाश जारी रखी। धीरे-धीरे कर पुलिस ने 300 सीसीटीवी को जांच डाला। इसी जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ओडिशा के गंजाम शहर में रुका है।