अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी है। 8 राज्यों से 16 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। इनमें 5 महिलाएं हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को कर्नाटक, पीयूष गोयल और डॉ. अनिल सुखदेवराव को महाराष्ट्र, कविता पाटीदार को मध्य प्रदेश और घनश्याम तिवारी को राजस्थान से उतारा गया है।
कर्नाटक से जग्गेश को भी उम्मीदवार बनाया गया है। बिहार से सतीश चंद्र दुबे, शंभू शरण पटेल और हरियाणा से कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। यूपी में 11 सीटों पर राज्यसभा चुनाव होना है, जिनमें से 6 पर पार्टी ने उम्मीदवार खड़े किए हैं।
उत्तर प्रदेश से लक्ष्मीकांत बाजपेई, राधामोहन दास अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव प्रत्याशी हैं। यहां 7 सीटों पर बीजेपी को पूर्ण बहुमत है। सपा के पास 3 उम्मीदवारों को जिताने के लिए बहुमत है। उत्तराखंड से कल्पना सैनी को उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा की 57 सीटों पर 10 जून को चुनाव होने वाले हैं। वहीं, नामांकन की आखिरी तारीख 31 मई है।












