जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटा शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में विवाद कर परिजनों के साथ मारपीट करता था। सोमवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्साए पिता ने बेटे पर टंगिया से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
शराब के नशे में घर में करता था विवाद और मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के डिघोरा गांव का है। मृतक की पहचान रावेन्द्र मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर के लोगों के साथ विवाद और मारपीट करता था। उसकी इन हरकतों से परिवार के लोग परेशान थे।
टंगिया से हमला कर बेटे को उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी रावेन्द्र शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसके पिता ने गुस्से में आकर उस पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में रावेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में घर के आंगन में गिर पड़ा। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी पिता
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम डिघोरा गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



