रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर पहुंचाया। पैर में चोट लगने के कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।दो दिन पहले फिसलकर गिरने से पैर में लगी चोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले फिसलकर गिर गए थे। इस हादसे में उनके पैर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी।
जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। कार्यक्रम के बाद वे रात में नंदकुमार साय के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
हेलीकॉप्टर से रायपुर लाए गए नंदकुमार साय
सीएम साय ने बताया कि आज उन्हें रायपुर आना था। नंदकुमार साय की चोट और चलने-फिरने में हो रही परेशानी को देखते हुए वे उन्हें भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बालाजी अस्पताल में उपचार की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के अनुसार, नंदकुमार साय के बेहतर इलाज के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।











