Tuesday, November 24, 2026

भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन समेत 3 को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा; तीनों की मौत

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-43 पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक तीनों को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में भाई-बहन भवन सिंह (27), प्रमिला (20) और उनकी सहेली भूमिका (18) की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

यह हादसा मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इमली गोलाई के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह मंगलवार को अपनी बहन प्रमिला और उसकी सहेली भूमिका को बाइक से मनेन्द्रगढ़ अस्पताल लेकर आया था। तीनों इलाज के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान इमली गोलाई के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।

ट्रक ने 200 मीटर तक घसीटा, दो की मौके पर मौत

हादसा इतना भीषण था कि भवन सिंह और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल प्रमिला को तत्काल मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तर वाले अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रमिला की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी की, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में तीनों बाइक सवारों की जान चली गई।

भाई राजमिस्त्री, दोनों युवतियां कर रही थीं नर्सिंग की पढ़ाई

मृतकों की पहचान भवन सिंह (27), उसकी बहन प्रमिला (20) और भूमिका (18) के रूप में हुई है। भवन सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। वहीं, प्रमिला और भूमिका सहेलियां थीं और दोनों नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं।

बताया जा रहा है कि भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर ग्राम नगोई में आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। किसी ने नहीं सोचा था कि अस्पताल से लौटते समय यह सफर तीनों की जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक से संबंधित जानकारी जुटा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद मृतकों के गांव और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।