Friday, November 27, 2026

Korba News: मड़वारानी में 1 दिसंबर से क्रिकेट का रोमांच, स्व. नितेश कुमार अग्रवाल स्मृति कप में 18 टीमें दिखाएंगी दम

कोरबा/मड़वारानी। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मड़वारानी क्षेत्र में स्व. नितेश कुमार अग्रवाल स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। स्व. नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से ग्राम पंचायत दमखाचा के खेल मैदान में शुरू होगी। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र की ग्रामीण क्रिकेट टीमों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

विजेता को 11 हजार और उपविजेता को मिलेंगे 5100 रुपये

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद राशि के साथ भव्य ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 5100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र की अधिक से अधिक ग्रामीण क्रिकेट टीमों से प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है।

1000 रुपये एंट्री फीस, अब तक 18 टीमों ने कराया पंजीयन

स्व. नितेश कुमार अग्रवाल स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। आयोजन समिति के मुताबिक अब तक 18 टीमों ने अपना पंजीयन करा लिया है। इसके अलावा प्रतियोगिता शुरू होने से पहले पंजीयन कराने वाली अन्य टीमों को भी शामिल किया जाएगा।

इन 18 टीमों के बीच होगा क्रिकेट का मुकाबला

प्रतियोगिता में अब तक पंजीयन कराने वाली टीमों में बरपाली, भैसमा, पताढ़ी, दादर, दमखाचा, जमनीपाली, कनकी, करमंदी, खरहरकुड़ा, पुरैना, नवागांव, सकरेली, सरगबुंदिया, सेंदरीपाली, बटालियन, मड़वारानी, बस्ती बाराद्वार और करईनारा की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयारियों में जुट गई हैं। 1 दिसंबर से दमखाचा खेल मैदान में चौके-छक्कों की गूंज के साथ ग्रामीण क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना आयोजन का उद्देश्य: राजकुमार अग्रवाल

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि स्व. नितेश कुमार अग्रवाल स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की टीमें उत्साहपूर्वक हिस्सा लेती हैं और बेहतर प्रदर्शन करती हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफी की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के खेलप्रेमियों से भी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।