Wednesday, July 1, 2026

तालिबान की जीत पर आतंकी संगठनों का जश्‍न, दुनियाभर से आईं अल-कायदा और अन्‍य संगठनों की हैरान करने वाली प्रतिक्रियाएं

नई दिल्‍ली,अफगानिस्‍तान की सत्‍ता पर तालिबान के काबिज होने के बाद आतंकी संगठनों की बांछें खिल गई हैं। दुनियाभर से अल-कायदा और उससे जुड़े आतंकी संगठनों ने अफगानिस्तान में तालिबान की जीत की सराहना की है। आतंकी संगठन ने अफगानिस्‍तान के अधिकांश हिस्सों पर तालिबान के नियंत्रण की तुलना शुरुआती मुस्लिम विजय से की है। यही नहीं अल-कायदा की यमन शाखा ने भी तालिबान की जीत पर उसे बधाई दी है। दुनियाभर में आतंकी संगठन जिस तरह तालिबान की जीत का जश्‍न मना रहे हैं वह एक बड़े खतरे की ओर संकेत करता है।

 

समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक सी‍रिया में अल-कायदा से जुड़ा आतंकी संगठन हयात तहरीर अल-शाम (Hayat Tahrir al-Sham) ने उम्मीद जताई कि तालिबान की जीत से सबक लेकर सीरिया में भी उसका झंडा बुलंद होगा। बता दें कि आतंकी संगठन हयात तहरीर अल-शाम को एचटीएस के नाम से भी जाना जाता है। यह उत्तर पश्चिमी सीरिया के विद्रोहियों के कब्जे वाले हिस्सों में एक शक्तिशाली आतंकी गुट है। इस आतंकी संगठन ने कहा है कि चाहे कितना भी समय लगे सीरिया में उनकी जीत होगी।