Saturday, April 4, 2026

जातिगत जनगणना पर PM से मिलने के बाद बोले नीतीश कुमार : PM ने हमारी मांग को ठुकराया नहीं

नई दिल्ली: जातीय जनगणना के मुद्दे पर सीएम नीतीश कुमार सहित 10 दलों के नेताओं ने पीएम मोदी से मुलाकात की. पीएम से मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम सभी 10 पार्टियों के 11 नेता आज पीएम मोदी से मिलने गए थे. बिहार के नेता इस पर एक राय हैं. सब लोगों ने जाति आधारित जनगणना के पक्ष में अपनी बात रखी. पीएम मोदी ने सभी की बातों को ध्यान से सुना. उम्मीद है वह फैसला लेंगे. हमारी मांग को उन्होंने सुना है, इस पर मना नहीं किया है.

वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर कोई काम राष्ट्रहित में है और बिहार की 10 पार्टियां इस मुद्दे पर एकजुट हैं. इससे देश के गरीब या यूं कहें अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ होगा. मंडल कमीशन से पहले तो पता ही नहीं था कि देश में कितनी जातियां हैं. उसी के बाद पता चला कि देश में हजारों जातियां हैं. जब इस देश में जानवरों की गिनती होती है, पेड़ों की होती है तो इंसानों की भी होनी चाहिए. हम ये जानना चाहते हैं जातीय जनगणना क्यों नहीं होनी चाहिए. अगर सरकार के पास स्पष्ट आंकड़ा ही नहीं है तो कल्याणकारी योजनाएं कैसे सही तरीके से लागू होंगी. तेजस्वी ने ये भी कहा कि पीएम मोदी ने उनके पक्ष को सुना है. उन्होंने नीतीश कुमार को भी धन्यवाद दिया कि वह उनकी मांग को लेकर पीएम मोदी तक पहुंचे.