Saturday, August 1, 2026

नक्सलियों का DRG जवानों पर आरोप:कहा- निहत्थे 3 महिला माओवादी को घेर कर मारा, तीनों सरकारी योजनाओं की जानकारी आदिवासियों को देने गई थीं

नक्सलियों के दरभा डिवीजन कमेटी के सचिव व हार्डकोर इनामी नक्सली साईनाथ ने बुधवार को प्रेस नोट जारी किया है। साईनाथ ने इस प्रेस नोट के माध्यम से दंतेवाड़ा के DRG के जवानों पर हत्या का आरोप लगाया है। साईनाथ ने कहा है कि, 3 महिला नक्सली सरकार के बनाए गए कानूनों के अधिकारों के बारे में आदिवासियों को जानकारी देने निकली थी। उनके पास कोई हथियार नहीं थे। जिन्हें कुंजेरास में DRG के जवानों ने घेर कर मार दिया। जबकि जवानों के पास तीनों को गिरफ्तार करने का मौका भी था। दंतेवाड़ा पुलिस ने इसे एक बड़ी मुठभेड़ बताया था।

दंतेवाड़ा के SP डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया था कि, 31 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिले के कुंजेरास के जंगल में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। मुखबिर की इसी सूचना के आधार पर दंतेवाड़ा से DRG के जवानों को इलाके की सर्चिंग के लिए निकाला गया था। वहीं जवानों को आता देख माओवादियों ने फायर खोल दिया। DRG के जवानों ने भी नक्सलियों को मुहंतोड़ जवाब दिया था। पुलिस और नक्सलियों के बीच तकरीबन आधे घंटे तक मुठभेड़ चली थी।