Saturday, August 1, 2026

साइकिल पर घूमने निकले छात्र से लूट:फोन पर बात करते हुए जा रहा था, पीछे से आए बाइकर्स चेन और मोबाइल छीनकर भाग गए

बिलासपुर में साइकिल में सवार होकर घूमने निकले कॉलेज छात्र से बाइक सवार तीन युवकों ने धनतेरस पर्व की रात मोबाइल व सोने की चेन लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर युवक फर्राटे भरते हुए भाग निकले हैं। इस मामले की रिपोर्ट पर लुटेरों की पहचान करने के लिए पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

गोंडपारा निवासी आयुष सोनी शीतला मंदिर के पास रहता है। CMD कॉलेज में बी कॉम सेंकेंड ईयर का छात्र है। मंगलवार की रात वह नई साइकिल लेकर घूमने निकला था। आयुष घूमते हुए देवकी नंदन चौक तरफ जा रहा था। इस दौरान उसका दोस्त हर्षित सोनी का फोन आया, तो वह फोन से बात करते हुए साइकिल चलाते हुए जा रहा था। रात करीब 11.30 बजे उसके पीछे से बाइक में तीन युवक आए और उसका मोबाइल व गले से सोने की चेन लूटकर चंपत हो गए। इस बीच आयुष चिल्लाते हुए उनका पीछा करने लगा। तब तक बाइकर्स युवक दूर भाग गए थे। इस घटना के बाद आयुष अपने घर गया और परिवार वालों को लूट की जानकारी दी। इसके बाद वह लूट की शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने लूट का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।