Tuesday, May 5, 2026

दो सिर, चार हाथ वाले भाइयों का आखिरी वीडियो:पिता पर लगाए पैसे नहीं देने और प्रताड़ित करने के आरोप, मौत बन गई राज

बलौदा बाजार जिले के लवन गांव में रहने वाले शिवराम और शिवनाथ नाम के जुड़वा भाइयों का आखिरी वीडियो सामने आया है। इन दोनों भाइयों की मौत पर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, दोनों भाइयों के इस वीडियो में वो अपने पिता पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। इन जुड़वा भाइयों की दो सिर चार हाथ और दो पैर थे। इनका धड़ जुड़ा हुआ था इस वजह से दुनिया भर में यह दोनों भाई काफी मशहूर थे। कई इंटरनेशनल एजेंसीज ने इन भाइयों के शरीर की संरचना पर डॉक्यूमेंट्री भी बनाई थी।

मौत से कुछ दिन पहले इन दोनों भाइयों ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में दोनों भाइयों ने अपने पिता द्वारा प्रताड़ित किए जाने, रुपए ना देने और शराब पीकर दुर्व्यवहार करने की बात कही है। पिछले सप्ताह इनकी मौत हो गई। परिवार वालों ने पुलिस से कह दिया था कि तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से दोनों की जान गई। पुलिस ने भी इसके बाद ना तो पोस्टमॉर्टम किया और ना ही किसी तरह की जांच हुई। घरवालों ने दोनों का अंतिम संस्कार भी कर दिया था।