Sunday, May 10, 2026

अगवा ग्रामीण गांव लौटे:नक्सलियों ने की मारपीट, 2 की हालत गंभीर; सुकमा में युवती सहित 5 लोगों को ले गए थे दो दिन पहले

छत्तीसगढ़ के सुकमा से अगवा किए गए 5 ग्रामीणों को नक्सलियों ने छोड़ दिया है। सभी ग्रामीण सुबह अपने गांव पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि इन ग्रामीणों से मारपीट भी की गई है। इनमें 2 की हालत गंभीर है। नक्सली शुक्रवार को 4 और शनिवार को एक ग्रामीण को अगवा कर ले गए थे। इनमें एक युवती भी शामिल थी। फिलहाल मारपीट को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

जानकारी के मुताबिक, कोंटा ब्लॉक के बटेर गांव से नक्सली दो दिन में 5 ग्रामीणों को अगवा कर ले गए थे। बताया जा रहा है कि जिस युवती को अगवा किया गया था, वह गांव के बाहर जा कर पढ़ाई करना चाहती थी। फिलहाल ग्रामीणों के नाम सामने नहीं आ सके हैं। सर्व आदिवासी समाज ने ग्रामीणों को सकुशल छोड़ देने की नक्सलियों से अपील की थी।