Wednesday, May 6, 2026

खेत में कराई डिलीवरी, फिर छोड़ भागे:रोने की आवाज सुनकर पहुंचा किसान तो मिली नवजात, आसपास पड़ा था खून; बच्ची स्वस्थ, डॉक्टरों की निगरानी में

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में सोमवार सुबह एक नवजात बच्ची खेत में रोते हुए मिली है। वहीं आसपास खून के निशान भी मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि मौके पर ही डिलीवरी कराने के बाद बच्ची को छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बच्ची को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। वह पूरी तरह से स्वस्थ बताई जा रही है। मामला पामढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत भुईगांव में सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति खेत में काम करने के लिए गया तो उसे बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। वह मौके पर पहुंचा तो एक नवजात पड़ी हुई थी। बच्ची की नाल तक नहीं काटी गई थी। इस पर किसान ने अन्य ग्रामीणों और सरपंच को इसकी जानकारी दी। वह पहुंचे और मितानिन के साथ बच्ची को घर ले गए। इसके साथ ही डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।