Saturday, August 1, 2026

अल्पाबेन 352 लावारिस लाशों का कर चुकी हैं अंतिम संस्कार; 12 रेप पीड़ितों को गोद लिया, कई इंटरनेशनल अवॉर्ड भी मिले

गुजरात के आणंद जिले की रहने वाली अल्पाबेन पटेल लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार करती हैं। वे अब तक 352 से ज्यादा लाशों का अंतिम संस्कार कर चुकी हैं। कोरोना के वक्त जब लोग खुद के रिश्तेदारों से मुंह फेर रहे थे, लाशों को हाथ लगाने से बच रहे थे, तब भी अल्पा अपने काम में जुटी रहीं और अंतिम यात्रा की सारी रस्में पूरी करती रहीं। हाल ही में अल्पा को गुजरात सरकार ने सम्मानित भी किया है। इतना ही नहीं इंटरनेशनल लेवल पर भी उन्हें कई अवॉर्ड्स मिल चुके हैं।

 

अल्पाबेन पटेल सोशल वर्कर हैं। अपने पति समीर पटेल के साथ मिलकर वे सामाजिक काम करती हैं। आज आणंद ही नहीं बल्कि गुजरात के कई जिलों में उनकी पहचान बन चुकी हैं। कई जगहों पर उन्हें खास तौर से बुलाया जाता है।

अल्पाबेन कहती हैं कि बचपन से ही सोशल वर्क से जुड़ी थी। महिला अधिकारों के लिए काम करती थी। शादी बाद पति का सहयोग मिला और मैं सामाजिक कामों से जुड़ी रही। कई बार मुझे सुनने को मिलता था कि जिनका कोई नहीं है उनका अंतिम संस्कार नहीं हो पाता है, या बहुत दिक्कत होती है। तब मेरे दिमाग में ख्याल आया कि ऐसे लोगों के लिए कुछ काम करना चाहिए। पति से मैंने बात की, वे मेरा साथ देने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद मुझे जहां भी पता चलता कि किसी की मौत हुई है और उनके अंतिम संस्कार के लिए कोई तैयार नहीं है, तो मैं खुद ही पति के साथ जाकर अंतिम संस्कार कराने लगी।