Thursday, April 16, 2026

विभागीय सचिवों-संचालकों को वर्क फ्रॉम होम की छूट, ओमिक्रॉन के दो नए केस मिले; होम आइसोलेशन की अवधि अब 7 दिन

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार ने मंत्रालय में सचिवों और विभागाध्यक्षों यानी संचालकों को वर्क फ्रॉम होम की इजाजत दे दी है। वहीं प्रदेश में ओमिक्रॉन के दो नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या बढ़कर अब 5 हो गई है। इनमें विदेश से आने वालों में तीन और लोकल के दो मरीज शामिल हैं। उधर, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी काेरोना पॉजिटिव पाए गए है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को नए निर्देश जारी कर भारसाधक सचिवों और विभागाध्यक्षों को वर्क फ्रॉम होम की इजाजत दे दी। इसमें कहा गया है, रोस्टर के मुताबिक जिन कर्मचारियों को ऑफिस नहीं बुलाया गया है, वे भी वर्क फ्रॉम होम कर सकेंगे। ऐसे अधिकारी जिन्हें कोरोना से संबंधित कोई असुविधा है और वे कार्यालय नहीं आ पा रहे हैं उन्हें भी वर्क फ्रॉम होम की इजाजत होगी। अधिकारियों से कहा गया है, कार्यालय में तात्कालिक महत्व की नस्तियों काे अलग कर लें, जिससे समय सीमा के भीतर उनपर कार्यवाही की जा सके। अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा गया है कि वे बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें कार्यालय भी बुलाया जा सकता है।

राज्य सूचना आयोग में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश बैन

वहीं कोरोना संक्रमण की वजह से छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में भी बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। आयोग में द्वितीय अपील और शिकायत के प्रकरणों की सुनवाई के लिए अपीलार्थी, कार्यकर्ता और प्रथम अपीलीय अधिकारी सहित किसी भी बाहरी व्यक्ति को नहीं आने की हिदायत है। आयोगअब मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर रहा है। कलेक्टर बलौदाबाजार सुनील कुमार जैन की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्रूनॉट विधि से आज सुबह कोरोना की जांच कराई। उन्हें कोरोना का कोई लक्षण नहीं था। उन्होंने एहतियातन जांच कराई थी।

बिना लक्षण वाले पॉजिटिव मरीज 7 दिन में होंगे डिस्चार्ज

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ में भी होम आइसोलेशन की गाइडलाइन बदली है। नए नियमों के मुताबिक हल्के लक्षण और बिना लक्षण वाले पॉजिटिव मरीजों को अब 7 दिन में ही होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज किया जा सकता है। अब तक होम आइसोलेशन की अवधि 14 दिन निर्धारित थी।

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक ने सभी जिलाें के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को होम आइसोलेशन के नए निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत बिना लक्षण वाले और हल्के लक्षण वाले मरीजों के लिए सात दिन का होम आइसोलेशन ही काफी है। आइसोलेशन के आखिरी तीन दिनों यानी 5वें, 6वें और 7वें दिन मरीज को बुखार न आए तो डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

डिस्चार्ज से पहले कोविड जांच जरूरी नहीं

डिस्चार्ज करने से पहले किसी कोविड जांच की आवश्यकता नहीं होगी। नए दिशानिर्देशों के मुताबिक बिना लक्षण वाले मरीज उनको कहा गया है, जिनको बुखार और खांसी नहीं है। उनका ऑक्सीजन लेवल भी 93 से अधिक है। कमजोर लक्षण वाले मरीजों की श्रेणी में उनको रखा गया है जिन्हें जुकाम, गले में खराश और बुखार तो है, लेकिन ऑक्सीजन लेवल 93 से कम नहीं हुआ है।