राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जोधपुर की महिला मॉडल को उदयपुर की ब्यूटीशियन दीपाली ने मंत्री को सेक्स स्कैंडल में उलझाने के लिए फंसाया था। इस मॉडल को रिपोर्टर बनाकर मंत्री के पास भेजने की साजिश रची गई थी।
यह मामला तब खुला था, जब जोधपुर में तीन दिन पहले महिला मॉडल ने होटल लॉर्ड्स की 7वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। पूछताछ में मॉडल के माध्यम से राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ था। इससे पहले कि आरोपी दीपाली और उसका साथी अपने मकसद में कामयाब हो पाते, मॉडल भीलवाड़ा से निकल गई और प्लान चौपट हो गया।
ऊंची इमारत से कूदकर सुसाइड की कोशिश करने में मॉडल गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मंगलवार को उसे 30 यूनिट ब्लड की जरूरत थी। उसे बचाने के लिए शहर के लोग आगे आए और 29 लोगों ने ब्लड डोनेट किया। डॉक्टरों के मुताबिक, मॉडल की हालत में सुधार है। मंगलवार को मजिस्ट्रेट ने मॉडल के बयान लिए। मजिस्ट्रेट के बयान और पुलिस के बयान को मैच करवाने के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी दीपाली ने मॉडल को पहले विश्वास में लिया, उदयपुर में 15 दिन शूट कराया और फिर गलत काम का दबाव बनाने लगी। इस मामले में गिरफ्तार अक्षत उर्फ सागर उर्फ चिनू उर्फ नितिन शर्मा अपने आप को पत्रकार और लाइजनर बताता था। रिपोर्टर बनाने की आड़ में लड़कियों को फंसाने का काम करता था। आरोपी के खिलाफ पहले 2016 और 2019 में हनीट्रैप के मामले दर्ज हो चुके हैं।











