Saturday, August 1, 2026

सामने नजर आ रही थी मौत:लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर क्रैश होते-होते बचा विमान, पहियों से चिनगारी निकली तभी पायलट इसे फिर उड़ा ले गया

ब्रिटेन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान ब्रिटिश एयरवेज का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। जिस वक्त विमान के पायलट ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की, वहां कोरी तूफान की वजह से 90 मील प्रति घंटे (लगभग 144 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। वीडियो में नजर आ रहा है कि हवा में डगमगाता हुआ एअरबस- A321 का एक पहिया जैसे ही जमीन को टच करता है, उसका संतुलन बिगड़ जाता है।

रनवे से टकराया विमान का पिछला हिस्सा
पायलट विमान को संभालता है और दोबारा कोशिश करता है। हालांकि, इस बार दोनों पहिए एक साथ जमीन को टच करते हैं और पहियों की रगड़ से धुंआ उठने लगता है। बैलेंस नहीं बन पाने की वजह से प्लेन फिर हिचकोले खाता नजर आता है। प्लेन एक तरफ तेजी से झुक जाता है। तभी पायलट अपना इरादा बदलते हुए प्लेन को हवा में उड़ा ले जाता है, लेकिन इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे को टच कर लेता है। गनीमत ये रही कि कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ।

पायलट की हो रही तारीफ
सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स आखिरी वक्त में पायलट की सूझबूझ और विमान को दोबारा हवा में उड़ा ले जाने के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। विमान में कितने लोग सवार थे फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन सभी लोग सुरक्षित हैं।

ब्रिटिश एयरवेज ने दी सफाई
ब्रिटिश एयरवेज के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि कंपनी के सभी पायलट अत्यधिक खराब मौसम में भी हालात को संभालने के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षित होते हैं। यही वजह है कि उन्होंने विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षित लैंडिग करवाई।