Tuesday, August 4, 2026

पूर्व मंत्री की गालियों ने कराई थू-थू:राजेश मूणत ने पुलिस और कांग्रेसियों को दी थी गालियां, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने फोटो पर थूककर किया विरोध

रायपुर के सप्रे स्कूल वाली सड़क पर प्रदर्शनकारियों का झुंड थूक रहा था। ये सभी छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी थे। सड़क पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत का पुतला और एक तस्वीर थी। उस पर कूद-कूदकर क्रांति सेना पदाधिकारी थूक रहे थे। बिना रुके बिना थके मूणत के खिलाफ नारे लगाकर ये बस थूके जा रहे थे।

इससे पहले छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने बूढ़ातालाब के धरना स्थल पर सभा की। संगठन के प्रमुख अमित बघेल ने यहां मंच से पूर्व मंत्री राजेश मूणत को गैर छत्तीसगढ़िया कहते हुए कहा कि ऐसे लोगों को अब सहन नहीं किया जाएगा और इनके खिलाफ छत्तीसगढ़िया सेना लगातार विरोध प्रदर्शन करेगी। इसके बाद रैली निकालकर सभी मूणत के बंगले की ओर बढ़े थे, मगर सप्रे स्कूल के पास ही पुलिस ने रोका और यहीं शुरू हो गई थू-थू…। संगठन ने इस कार्यक्रम को नाम दिया था जबर थूकव रैली।