बिलासपुर में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दो ऑटो चालकों ने मिलकर दूसरे ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल ऑटो चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों हमलावरों को पकड़ लिया है। पकड़े गए युवकों ने बताया कि ऑटो चालक ने पूर्व में उनके साथ मारपीट की थी, जिसका बदला लेने के उस पर हमला किया गया। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
TI सुरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि शनिवार की रात सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-4 के सामने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया गया है। खबर मिलते ही पुलिस रात करीब 9 बजे वहां पहुंची, तब गणेशनगर निवासी ऑटो चालक लक्की जेठानी खून से लथपथ घायल बेहोश पड़ा था। इस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुलिस ने हमलावरों की जानकारी जुटाई, तब कुछ पता नहीं चला। इसके चलते पुलिस घायल युवक से पूछताछ करने पहुंची, तब हमलावरों का नाम सामने आया। पुलिस ने घायल के भाई रोहित जेठानी की रिपोर्ट पर हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया।









